शिवपुरी: शिवपुरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत खनियांधाना में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
आचार्य विद्यासागर पब्लिक स्कूल (गौशाला) में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी केदार यादव और पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने और साइबर अपराध की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।
