Runaway Truck Causes Deadly Crash In Mandla, Woman Killed, Police Personnel Injured
मंडला। जबलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर स्थित बंजारी घाट में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपा दिया। अनियंत्रित ट्राले ने पुलिस वाहन समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बंजारी घाट में पहले से लोहे के एंगल से भरा एक ट्राला पलटा हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे और यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान बिछिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्राला अचानक नियंत्रण खो बैठा और सामने खड़े पुलिस बोलेरो वाहन, एक अन्य ट्राला तथा मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की चपेट में मोटरसाइकिल सवार मां-बेटा भी आ गए। टक्कर लगने के बाद बेटा सड़क किनारे जा गिरा, जबकि उसकी मां प्रेमवती बाई यादव (55 वर्ष), निवासी ग्राम कासखेड़ा, ट्रक के नीचे आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में बिछिया थाने के एक एएसआई समेत कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने बंजारी घाट जैसे संवेदनशील मार्गों पर भारी वाहनों की गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
