Road Repair Begins After Four Years, Traffic Chaos On Market Day Raises Questions
सौसर/मोहगांव हवेली। नगर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से बने गड्ढों की समस्या को लेकर आखिरकार नगर परिषद हरकत में आई है। बाजार चौक से सौसर-पांढुर्णा मार्ग पर चार वर्षों से सड़क जर्जर अवस्था में पड़ी हुई थी। लगातार शिकायतों और स्थानीय नागरिकों की नाराजगी के बाद नगर परिषद द्वारा सोमवार को सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड क्रमांक 11, 12 और 13 के बीच स्थित सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए थे। बारिश के समय इन गड्ढों में पानी भर जाता था, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों एवं व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इतना ही नहीं, पानी पास स्थित पेयजल आपूर्ति के वाल्व चैम्बर तक पहुंच रहा था, जिससे तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार वार्ड क्रमांक 13 के एक नागरिक एवं दुकानदार द्वारा नगर परिषद अध्यक्ष को समस्या से अवगत कराया गया। शिकायत के बाद अगले ही दिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने स्थल का निरीक्षण किया और नगर परिषद द्वारा सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ करा दिया गया।
हालांकि नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद की कार्रवाई स्वागत योग्य है, लेकिन यह सवाल भी उठ रहा है कि चार वर्षों से मौजूद समस्या पर प्रशासन की नजर पहले क्यों नहीं पड़ी। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद अध्यक्ष और सीएमओ का नियमित आवागमन इसी मार्ग से होता है, इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा को लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया।
सोमवार को जिस दिन मरम्मत कार्य शुरू किया गया, वह बाजार का प्रमुख दिन होने के कारण मार्ग पर दिनभर भारी आवागमन बना रहा। सड़क पर निर्माण कार्य के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति निर्मित हो गई। व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर परिषद समय रहते सड़क की मरम्मत कराती तो न तो समस्या इतनी गंभीर होती और न ही बाजार के व्यस्त दिन लोगों को जाम और असुविधा झेलनी पड़ती। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे कार्यों की पूर्व योजना बनाई जाए तथा भारी यातायात वाले दिनों के बजाय अन्य दिनों में मरम्मत कार्य कराया जाए।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि नगर परिषद केवल इस मार्ग तक सीमित न रहकर नगर की अन्य जर्जर सड़कों की भी समय पर मरम्मत कराएगी, ताकि बारिश के मौसम में नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही प्रशासन से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि विकास कार्यों के दौरान यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर परिषद अध्यक्ष संदीप दादू घाटोड़े का पक्ष
इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष संदीप दादू घाटोड़े ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 के एक नागरिक ने उन्हें सड़क पर बने गड्ढों एवं जलभराव की समस्या की जानकारी दी थी। नागरिक ने बताया था कि वार्ड क्रमांक 12 और 13 के बीच मुख्य मार्ग पर लंबे समय से गड्ढा बना हुआ है, जिसमें बारिश का पानी भरकर पेयजल आपूर्ति के वाल्व चैम्बर तक पहुंच रहा है।
अध्यक्ष श्री घाटोड़े ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए गए और अगले ही दिन सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “नगर में कहीं भी कोई समस्या हो तो मुझे सीधे बताएं, मैं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर यथाशीघ्र समाधान कराने का प्रयास करूंगा।”
स्थानीय नागरिक रवि लोखंडे ने मुख्य मार्ग पर पानी से भरे गड्ढों की तस्वीरें खींचकर नगर परिषद अध्यक्ष संदीप दादू घाटोड़े को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजीं। उन्होंने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरकर पास स्थित पेयजल आपूर्ति के वाल्व चैम्बर तक पहुंच रहा है। इससे लोगों में पेयजल की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चिंता बनी हुई थी।
रवि लोखंडे द्वारा समस्या की जानकारी दिए जाने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। अध्यक्ष के निर्देश पर अगले ही दिन नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढों की भराई एवं सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
सीएमओ राजाराम वरठे का पक्ष
मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजाराम वरठे ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष संदीप दादू घाटोड़े को एक नागरिक द्वारा सड़क पर बने गड्ढों एवं जलभराव की तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर शिकायत की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि मुख्य मार्ग पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर रहा है और वह पेयजल आपूर्ति के वाल्व चैम्बर तक पहुंच रहा है।
सीएमओ श्री वरठे ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष ने उन्हें तत्काल फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी और समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद नगर परिषद की टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया गया तथा अगले ही दिन गड्ढों की भराई और सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
