रामपुर, उत्तर प्रदेश। रामपुर जिले की बिलासपुर तहसील क्षेत्र में भाखड़ा डैम के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान और संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धंसी हुई सड़क का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों से क्षति तथा उससे उत्पन्न संभावित जोखिम की जानकारी ली। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने धंसे हुए हिस्से के आसपास आवागमन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने के लिए कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि भाखड़ा डैम के पास धंसी हुई सड़क की ओर न जाएं और प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग व सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट: आबिद हुसैन, 4TV News
स्थान: बिलासपुर, रामपुर, उत्तर प्रदेश
