प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस के स्वागत को लेकर प्रयागराज में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। 15 अगस्त से पहले सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, भवनों एवं प्रमुख संस्थानों को तिरंगे की आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
शहर के बाजारों में भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों के साथ सड़क किनारे सजी दुकानों से राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे और अन्य देशभक्ति से जुड़ी सामग्री खरीदते दिखाई दिए। बच्चों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न इलाकों में तिरंगे की सजावट और रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। नागरिकों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ आजादी के इस राष्ट्रीय पर्व का स्वागत करने की तैयारियां कीं।
