Police Raid Gambling Den In Datia, 17 Arrested And Assets Worth ₹6.80 Lakh Seized
दतिया। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने एक फार्म हाउस पर चल रहे जुआ फड़ पर छापेमारी कर 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये का मशरूका भी जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे के मार्गदर्शन और एसडीओपी भाण्डेर पूनमचंद्र यादव के नेतृत्व में थाना उनाव, भाण्डेर, सरसई और गोदन की संयुक्त टीम ने ग्राम खैरी स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश दी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फार्म हाउस में बड़े स्तर पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर कंबाइन पुलिस फोर्स ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, जुआ फड़ का कथित संचालक बृजेन्द्र कमरिया और उसका सहयोगी अरुण यादव पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन और 6 ताश की गड्डियां बरामद कीं। जब्त किए गए सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
दतिया पुलिस के अनुसार, लगातार की जा रही संयुक्त कार्रवाई और सघन गश्त का असर अब दिखाई देने लगा है। पुलिस का दावा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
