शाहजहांपुर: जिले के खुटार क्षेत्र में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया।
हादसे से नाराज कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर खड़ी कर खुटार-पुवायां रोड को जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे कांवड़ियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना खुटार थाना क्षेत्र के अठकोना गांव मोड़ के पास की बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: महेन्द्र चावला, शाहजहांपुर
