एटा (उत्तर प्रदेश): एटा में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नगर पालिका गेट के पास स्थित एक फोटो स्टेट की दुकान अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दुकानदार दुकान के अंदर मौजूद था और मलबे में दब गया।
जानकारी के अनुसार, दुकान गिरने के दौरान आदित्य कुमार अंदर बैठे हुए थे। अचानक पूरी दुकान का मलबा उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद दुकानदार को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में दुकान के अंदर रखा फर्नीचर, मशीनें और अन्य सामान भी मलबे में दब गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक दुकान गिरने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भवन कमजोर हो गया था, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
