One More Arrested in Mandsaur MD Drugs Case
मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना शहर कोतवाली पुलिस ने MD ड्रग्स तस्करी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 500 ग्राम MD ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम बरामद की गई थी।
मामले में NDPS एक्ट की धारा 8/18, 22 और 29 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान पठान का 7 दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही महावीर चौहान, सादिक गढ़वी, सलमान और शाकिर उर्फ चेला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
अब इसी मामले में पुलिस ने असलम हुसैन निवासी खिलचीपुरा, मंदसौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस ड्रग्स नेटवर्क में अभी कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामले की जांच लगातार की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
