NTA Tells Supreme Court It Has Strengthened Security Measures After NEET Controversy
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट में अपना हलफनामा दाखिल कर परीक्षा प्रक्रिया में किए गए व्यापक सुधारों की जानकारी दी है। एजेंसी ने दावा किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई नए और सख्त कदम उठाए गए हैं।
यह हलफनामा फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) की याचिकाओं के जवाब में दाखिल किया गया है। याचिकाओं में NEET-UG 2026 के आयोजन में कथित अनियमितताओं को लेकर परीक्षा संचालन व्यवस्था में बदलाव की मांग की गई थी।
NTA ने अदालत को बताया कि 17 अप्रैल 2026 को आयोजित हाई लेवल संचालन समिति (HPSC) की बैठक में परीक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई थी। समिति ने परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान और परीक्षा के बाद सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई अहम सिफारिशें दीं।
एजेंसी के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV सिस्टम की अनिवार्य जांच, रिकॉर्डिंग को कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखने, मॉक ड्रिल आयोजित करने, मौसम संबंधी आपात स्थिति से निपटने की योजना तैयार करने और पावर बैकअप सिस्टम की जांच जैसे कदम उठाए गए हैं।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और परीक्षा से एक सप्ताह पहले विस्तृत निरीक्षण कराने की व्यवस्था भी लागू की गई है। NTA ने यह भी बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद CCTV फुटेज का फोरेंसिक विश्लेषण कराने की सिफारिश की गई है, ताकि किसी भी संभावित गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि की पहचान की जा सके।
NTA का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। मामले की सुनवाई के दौरान अब सुप्रीम कोर्ट इन दलीलों और याचिकाकर्ताओं की मांगों पर विचार करेगा।
