रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत | 4TV News, इटावा
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र के चन्देठी गांव में मां-बेटी की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव घर के भीतर मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दो दिनों तक घर से किसी के बाहर न निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो मां-बेटी के शव खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, पुष्पा का शव घर की गैलरी में चारपाई पर मिला, जबकि उनकी बेटी का शव आंगन में पड़ा था। घटनास्थल से खून से सनी एक दरांती भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या 15 अगस्त को गला रेतकर की गई। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की वजह तथा आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
