Missing Youth Found Hanging From Tree In Shravasti Forest
श्रावस्ती: Shravasti जिले के ककरदरी वन रेंज क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक पिछले एक हफ्ते से लापता बताया जा रहा था।
यह मामला मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल का है, जहां मंदिर से करीब 500 मीटर दूर सागवान के पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान घूमना बरगदहा गांव निवासी राम प्रसाद पुत्र साबित राम के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार राम प्रसाद कई दिनों से घर से गायब था, जिसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी असनहारिया विनायक सिंह, मल्हीपुर थाना पुलिस, Sashastra Seema Bal (एसएसबी) सीमा चौकी ककरदरी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
