मेरठ। शहर के गढ़ रोड स्थित अंजनी अस्पताल में विवाद का मामला सामने आया है। अस्पताल के स्वामी एवं निदेशक सुमित त्यागी ने विपिन चौधरी और उनकी पत्नी पर अस्पताल में अराजकता फैलाने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, सुमित त्यागी का आरोप है कि विपिन चौधरी अस्पताल पहुंचकर स्वयं को अस्पताल का मालिक बताता है और मरीजों से पैसों की मांग कर अस्पताल का माहौल खराब करता है। उनका यह भी कहना है कि हाल ही में विपिन चौधरी ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में नौचंदी थाने में मामला दर्ज होने का भी दावा किया गया है।
अस्पताल संचालक ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि विपिन चौधरी की पत्नी भी उनका साथ देती हैं, जिससे अस्पताल में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। शिकायत में विपिन चौधरी को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए उनके खिलाफ मेरठ समेत अन्य जिलों में कई मुकदमे दर्ज होने का दावा भी किया गया है।
उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: सचिन पवार
स्थान: मेरठ, उत्तर प्रदेश
