Medical Store Owner Robbed At Gunpoint, Bike, Cash And Mobile Snatched
सीतापुर। जनपद के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक मेडिकल संचालक को निशाना बनाते हुए असलहे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तालगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करस्यौरा निवासी साहिबे आलम अकैचनपुर टप्पा में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। बताया जाता है कि वह देर रात अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अकबरपुर स्थित शारदा सहायक नहर पुल के पास खड़े कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें हाथ देकर रोक लिया। पीड़ित के अनुसार जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, बदमाशों ने असलहा निकालकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने साहिबे आलम का मोबाइल फोन, पर्स में रखी नकदी तथा उनकी बाइक छीन ली और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित घबरा गया।
घटना के बाद साहिबे आलम किसी तरह अकबरपुर चौराहे तक पहुंचे और वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
