Massive Transformer Fire in Lucknow: Major Mishap Averted in Bangla Bazar Usri, Grocery Shop Safe
लखनऊ: बंगला बाजार उसरी में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, परचून की दुकान बाल-बाल बची
लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित बंगला बाजार उसरी इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब शॉर्ट सर्किट के चलते बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक धू-धू कर जलने लगा। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि पास में मौजूद एक परचून की दुकान भी इसकी चपेट में आने वाली थी, लेकिन समय रहते लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस ट्रांसफार्मर को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।
घटना का वीडियो भी स्थानीय लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें ट्रांसफार्मर से उठती तेज लपटें साफ देखी जा सकती हैं।
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन से लोगों की मांग है कि जर्जर और खतरनाक ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
