इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जसवंतनगर स्थित नेशनल हाईवे-19 पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। नगला कन्हई के पास चार वाहनों की जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का चालक और हेल्पर केबिन में ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम और हाईवे पेट्रोल के साथ मौके पर पहुंचे।
राहत एवं बचाव दल ने ट्रक की केबिन को काटकर चालक और हेल्पर को बाहर निकाला। हादसे में घायल तीन लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और हाईवे पेट्रोल की टीम ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात को सुचारु कराने का अभियान शुरू किया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का उपचार जारी है और यातायात को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत
स्थान: इटावा
