बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र अंतर्गत हसीनाबाद गांव में रविवार शाम भीषण आगजनी की घटना ने पांच परिवारों की खुशियां पल भर में राख कर दीं। तेज हवाओं और आंधी के बीच भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पांच कच्चे मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय अचानक एक मकान से आग की लपटें उठीं। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र धुएं और आग की लपटों से घिर गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस भीषण अग्निकांड में एक छोटा ट्रैक्टर, एक मोटरसाइकिल, चार रोटावेटर कृषि यंत्र, एक साइकिल समेत घरों में रखा अनाज, कपड़े, नगदी और अन्य जरूरी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलने पर दमकल दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पांचों मकान पूरी तरह जल चुके थे।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से प्रभावित परिवारों के सिर से छत छिन गई है और वे फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत और पुनर्वास की मांग की है ताकि प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में सहायता मिल सके।
