लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में धुआं फैल गया।
जानकारी के अनुसार, उषा मेहता मार्ग स्थित सेक्टर-डी के बी/2 क्षेत्र में संचालित एक निजी कोचिंग संस्थान में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद तत्काल फायर विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने आसपास की इमारतों एवं क्षेत्र को खाली कराना शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद क्षेत्र में धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात और स्थानीय गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद घटना की जांच करेंगी।
राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
फायर विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
