चंदौली। उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर) स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक केक एवं बेकरी की दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास के एक मकान का हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे हुई। दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गली होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों में आग फैलने से बच गई।
गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दुकान संचालक के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग से दुकान में रखा रेफ्रिजरेटर, ओवन, केक बनाने की मशीनें, काउंटर, तैयार केक, कच्चा माल और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास की कई अन्य दुकानों तक फैल सकती थी।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। नुकसान का विस्तृत आकलन भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
