शिवपुरी: जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा में 26 वर्षीय खुशबू यादव, पत्नी महेंद्र सिंह यादव, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया है।
पुलिस को दी गई जानकारी में मृतका के ससुर अमोल सिंह यादव ने बताया कि 7 जुलाई की शाम नातिन को डांटने को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद खुशबू अपने कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से देखने पर वह फंदे से लटकी मिली। इसके बाद परिजनों ने उसे नीचे उतारा।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने घटना को हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता और भाई का कहना है कि पहले भी दहेज को लेकर विवाद हुआ था और करीब चार महीने पहले खुशबू के साथ मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि पति, सास, ससुर और जेठ द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इसी के चलते उसकी हत्या की गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारण और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
