एटा। एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के अल्लेपुर गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रामस्वरूप पुत्र मगरूलाल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी के साथ हुए विवाद के दौरान रामस्वरूप को चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि मौत झगड़े में लगी चोटों के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
