बरेली। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड 21 अगस्त को बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान और नकटिया नदी पुनर्जीवन पहल का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना के शामिल होने का प्रस्ताव है।
21 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य कैंट क्षेत्र में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही नकटिया नदी के पुनर्जीवन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत नदी की स्वच्छता, तटवर्ती क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण और नदी की पारिस्थितिकी को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कैंटोनमेंट बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. तनु जैन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी पर्यावरणीय संसाधन विकसित करना है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर जल स्रोत और समृद्ध जैव विविधता प्रदान कर सकें।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह अभियान बरेली में पर्यावरण संरक्षण और नकटिया नदी के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की व्यापक भागीदारी रहने की उम्मीद है।
