बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजार में चोरों ने देर रात कई दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्रभात जनरल मर्चेंट से करीब 5 लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। वहीं गांधी ड्रायफ्रूट्स से करीब 1.75 लाख रुपये की नकदी सहित अन्य सामान भी चोर ले गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने कुल चार दुकानों के शटर और दरवाजे काटकर चोरी का प्रयास किया। इनमें से दो दुकानों में चोरी करने में सफल रहे, जबकि अन्य दो दुकानों में वारदात की कोशिश की गई।
सुबह जब व्यापारी दुकानें खोलने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। खास बात यह है कि वारदात सदर कोतवाली से महज करीब 400 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश की जा रही है।
