Major Drug Racket Exposed in Jashpur
जशपुर: जिले में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तपकरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला कफ सिरप बरामद किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि 10 अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर जा रही एक बस में अवैध नशीला कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही तपकरा थाना सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा अपनी टीम के साथ तैनात सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
वहीं करीब साढ़े तीन बजे सुबह बस को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बस की डिक्की से दो बड़े झोलों में भरा हुआ कुल 480 नग (करीब 48 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 96 हजार 720 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बस का ड्राइवर, कंडक्टर और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। पूछताछ में सभी आरोपी मिलकर नशीले सिरप की तस्करी करते पाए गए।
कार्यवाही में गिरफ्तार आरोपियों का नाम 1- बस कंडक्टर: बसंत पटेल (लैलूंगा)
2 – सतीश कुमार चौहान (नैला, जांजगीर)
3 – बस चालक: भोला राम यादव (कुनकुरी क्षेत्र) का है।
वहीं जप्त की गई 480 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, 04 कार्टून व 02 बड़े झोले, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, बासुदेव यात्री यात्री बस को जप्त कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जशपुर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में तपकरा थाना के एएसआई रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
