मैनपुरी। भारतीय सेना में सेवारत एक जवान ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। जवान का कहना है कि राजस्व विभाग द्वारा वर्ष 2022 में भूमि की पैमाइश किए जाने के बावजूद दबंग कथित तौर पर जमीन पर कब्जा कर निर्माण का प्रयास कर रहे हैं।
करहल क्षेत्र के नगला जंगी (उत्थान) निवासी सत्यपाल सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गाटा संख्या 2974 की वर्ष 2022 में विधिवत पैमाइश हो चुकी है और उसी के आधार पर भूमि की स्थिति स्पष्ट है। इसके बावजूद कुछ लोग कथित रूप से पैमाइश को मानने से इनकार कर जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायत में राजेंद्र सिंह, पंकज कुमार, सुभाष यादव और अनुराधा काम पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित जवान का कहना है कि वह पहले भी जनता दरबार में शिकायत कर चुके हैं, जहां संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार और एसडीएम स्तर पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
सेना में सेवारत होने के कारण सत्यपाल सिंह ने कहा कि उनके लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाना संभव नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से वर्ष 2022 की पैमाइश को मौके पर लागू कराने, अवैध कब्जा और निर्माण कार्य रुकवाने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच और कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट: आफताब अल्वी, 4TV न्यूज़
