बहराइच (उत्तर प्रदेश): बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत मटेही ग्राम पंचायत के पचासा गांव में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ घर में घुस आया और पांच वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और पेट पर गहरी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, घायल बच्चा शुभम, श्रवण का पुत्र है और इन दिनों पचासा गांव में अपने परिजनों के यहां आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 8 बजे बिजली गुल होने के दौरान अचानक तेंदुआ घर में घुस गया और खेल रहे शुभम पर हमला कर दिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ शकुंतला मौके पर पहुंचीं और शोर मचाया। शोर सुनते ही तेंदुआ मौके से जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, शुभम के सिर पर गंभीर घाव होने के कारण करीब 12 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनरक्षक अब्दुल सलाम और वन दरोगा जयकांत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेला बाहर न छोड़ने की अपील की है।
तेंदुए के हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
रिपोर्टर: दिलीप कुमार
स्थान: बहराइच, उत्तर प्रदेश
