लखीमपुर खीरी। जिले की उत्तर निघासन वन रेंज से एक बार फिर राहत भरी खबर सामने आई है। ग्रामीण इलाकों में दहशत का कारण बने एक और तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया है। लगातार हो रहे रेस्क्यू अभियान से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे लट्ठुआ बीट में लक्खा सिंह के घर के पास लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हुआ। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
इससे पहले भी 4 अगस्त को लट्ठुआ बीट में केवल सिंह के घर के पास लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ पकड़ा गया था। वहीं 5 अगस्त को बैरिया बीट के डंडूरी गांव में भी एक अन्य तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ था।
लगातार रेस्क्यू से ग्रामीणों को मिली राहत
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तेंदुओं की लगातार आवाजाही और पालतू पशुओं पर हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल था। लगातार तेंदुओं के पकड़े जाने से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में जुटी
रेंजर भूपेंद्र चौधरी और एसडीओ मनोज तिवारी के नेतृत्व में उत्तर निघासन वन रेंज की टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। जहां भी तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल पिंजरे लगाए जा रहे हैं और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
वन विभाग के मुताबिक, निघासन रेंज में अब तक 14 से अधिक तेंदुओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ा जा चुका है। बारिश और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम लगातार ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए अभियान चला रही है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल वन विभाग को जानकारी दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।
