Kurukshetra Gets 28-Km Bypass Project, CM Nayab Saini Thanks PM Modi And Nitin Gadkari
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने कुरुक्षेत्र के लिए स्वीकृत लगभग 28 किलोमीटर लंबी बाईपास परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बाईपास ज्योतिसर के निकट इंदबरी से शुरू होकर एसएच-6, एमडीआर-119, किर्मच रोड, अमीन रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को जोड़ते हुए मथाना (एसएच-6) तक पहुंचेगा। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से पिपली क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही दिल्ली, यमुनानगर, हरिद्वार, पंजाब और कैथल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम और तेज हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाईपास बनने से कुरुक्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर तक पहुंच आसान होगी। इससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।
नायब सैनी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि राज्य और केंद्र की ट्रिपल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बाईपास कुरुक्षेत्र को आधुनिक यातायात नेटवर्क से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।
