रिपोर्ट: रिजवान अंसारी | 4TV News, गाजीपुर
गाजीपुर। गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर कामायनी एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। 17 अगस्त से 11071/11072 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–बलिया कामायनी एक्सप्रेस का स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो गया।
इस अवसर पर जहूराबाद विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत के साथ ही स्टेशन पर स्थानीय लोगों और यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रेलवे के अनुसार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बलिया जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस दोपहर 1:13 बजे करीमुद्दीनपुर स्टेशन पहुंचेगी और 1:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वहीं, बलिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन रात 9:53 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 9:55 बजे प्रस्थान करेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन के नियमित ठहराव से मुहम्मदाबाद, जहूराबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई सहित देश के प्रमुख शहरों तक यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से की जा रही इस मांग के पूरी होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई।
