Jaunpur Groom Murder Case: ₹1 Lakh Reward Criminal Ravi Yadav Killed In Police Encounter, SHO Injured
जौनपुर: में चर्चित दूल्हा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी मोड़ के पास देर रात हुई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बदमाशों की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख रवि यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान खेतासराय थानाध्यक्ष के.के. सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि 1 मई को दूल्हा आजाद बिंद बारात लेकर जा रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रवि यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
