जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के महेवा विकास खंड के ग्राम दमरास में मुख्यमंत्री आवास योजना को लेकर रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप सामने आया है। गांव की निवासी पुष्पा देवी ने पंचायत मित्र पर आवास योजना की पहली किस्त के 40 हजार रुपये लेने का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से लिखित शिकायत की है।
पीड़िता के अनुसार, उन्होंने शनिवार को आर्यावर्त बैंक की शाखा से मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये निकाले थे। आरोप है कि बैंक से बाहर निकलते ही पंचायत मित्र श्याम जी गुप्ता ने नोट गिनने के बहाने पहले 20 हजार रुपये अपने पास रख लिए और कहा कि आवास स्वीकृत कराने के लिए ऊपर तक पैसे देने पड़ते हैं।
महिला का आरोप है कि दबाव और घबराहट में उन्होंने शेष 20 हजार रुपये भी पंचायत मित्र को दे दिए। इसके बाद उनके पास मकान निर्माण के लिए कोई धनराशि नहीं बची।
पीड़िता ने बीडीओ को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोपी पंचायत मित्र के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई करने तथा 40 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। हालांकि, पंचायत मित्र पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रशासन की ओर से शिकायत मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
स्थान: महेवा, जालौन (उत्तर प्रदेश)
