Jabalpur Police Seize Cannabis Worth ₹16.65 Lakh, Interstate Smuggler Arrested
जबलपुर। मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और बरेला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शारदा मंदिर तिराहे के पास विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 33 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन, 2,740 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार भी जब्त की है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 57 वर्षीय बुलराजू पिता वेंकट राव के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में जबलपुर के तिलवारा क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र से गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश लाता था और यहां विभिन्न लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
बरेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
