Illegal Liquor Sale from Grocery Shops in Gadarwara Exposed, Video Sparks Questions on Administration
नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील के थाना चीचली अंतर्गत ग्राम बारहा बड़ा में किराना दुकानों पर अवैध रूप से देसी एवं अंग्रेजी शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक किराने की दुकान से खुलेआम शराब खरीदते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो में स्पष्ट रूप से यह प्रतीत हो रहा है कि युवक ने स्वयं यह वीडियो बनवाया है, ताकि क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की सच्चाई सामने लाई जा सके। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई किराना दुकानों पर लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर शराब बेची जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खुलेआम किराना दुकानों पर शराब बिक रही है, तो जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए?
वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस प्रशासन, आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में अवैध शराब के इस गोरखधंधे पर रोक लग सके।
