उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस ने अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जमानिया थाना क्षेत्र में सिंचाई विभाग के एक परित्यक्त भवन में अवैध असलहा फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जमानिया थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पन्ना लाल बिंद, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय और सोनू बिंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से 315 बोर के 9 तैयार देशी तमंचे, 3 अर्द्धनिर्मित तमंचे, 12 बोर का एक अर्द्धनिर्मित तमंचा, 32 बोर का एक अर्द्धनिर्मित रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पिस्टल की बॉडी, तमंचों की नाल समेत असलहा बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अवैध हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
रिपोर्ट: रिजवान अंसारी
स्थान: गाजीपुर
