लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। राज्य सरकार ने भी सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 26 सितंबर को अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज सहित 32 जिलों में फ्लैश फ्लड (आकस्मिक बाढ़) की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर भी फ्लैश फ्लड अलर्ट वाले जिलों में शामिल हैं।
अंबेडकर नगर में पिछले 48 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। उन्होंने नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचने तथा विशेष सतर्कता बरतने की भी सलाह दी है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की अपील की है।
