Hathras Hospital Negligence: Plaster Applied on Wrong Hand Instead of Fractured One
उत्तर प्रदेश: के हाथरस जिला अस्पताल में चिकित्सा लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक चार साल के बच्चे के घायल हाथ का इलाज करने के दौरान डॉक्टरों ने बड़ी गलती कर दी। बच्चे की जिस हाथ की उंगली में फ्रैक्चर था, उसके बजाय दूसरे हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुरसान ब्लॉक के अहवरनपुर गांव का रहने वाला हर्ष नाम का बच्चा गुरुवार दोपहर घर पर खेलते समय घायल हो गया। उसकी उंगली में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका एक्स-रे कराया, जिसमें स्पष्ट रूप से उसके उल्टे हाथ की उंगली में फ्रैक्चर पाया गया।
परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने 70 रुपये शुल्क लेने के बावजूद लापरवाही बरतते हुए बच्चे के सही हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया। घर लौटने के बाद बच्चे के रोने पर जब पिता कन्हैया ने ध्यान से देखा, तब इस गलती का पता चला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाना हाथरस गेट और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
