हरदोई, उत्तर प्रदेश। हरदोई जिले की संडीला पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की कथित योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मितो स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर संडीला पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक लखनऊ जिले का निवासी है, जबकि दूसरा संडीला क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों का किसी अन्य आपराधिक वारदात से कोई संबंध तो नहीं है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट: दिनेश राजपूत
स्थान: हरदोई, उत्तर प्रदेश (4TV News)
