हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कपूरपुर में युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
दौड़ प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। वहीं बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में खेलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन आशीष राणा के नेतृत्व में किया गया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को साइकिल, बैडमिंटन किट और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद विजेता बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर आकाश राणा, प्रशांत राणा, अमित, विजय, नवीन, सचिन, प्रवीण और शिवम सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता का आनंद लेने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में पहुंचे।
रिपोर्ट: मोनिश खान
स्थान: हापुड़, उत्तर प्रदेश
