Ghaziabad Double Murder: Husband Shoots Dead Wife and Friend, Accused Absconding
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी इलाके में देर रात एक सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:40 बजे डायल 112 पर झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुद्ध बाजार मोहल्ले स्थित राशिद के घर से 36 वर्षीय शबनम और 32 वर्षीय फहीम के शव बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शबनम आरोपी राशिद की पत्नी थी, जबकि फहीम उसका दोस्त था। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच संबंध होने की आशंका थी, जिसका राशिद विरोध करता था। इसी विवाद के चलते उसने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी है।
मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से तहरीर ली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
