Garbage Dump on Road Sparks Anger in Lodipur Ward
महानगर: के लोदीपुर वार्ड में गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इलाके के मुख्य मार्ग पर बने बड़े गड्ढे को अस्थायी कूड़ाघर बना दिए जाने से आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार कूड़ा फेंका जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में बदबू और गंदगी फैल गई है। छुट्टा जानवर कूड़े के ढेर को सड़क पर इधर-उधर फैलाते रहते हैं, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं।

कॉलोनीवासियों के मुताबिक कई-कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता और सफाई कर्मी भी समय पर नहीं आते। लोगों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके की कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। रात के समय अंधेरा रहने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत, नियमित सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट ठीक कराने और मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
