बुरहानपुर। वन भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाते हुए शाहपुर और बोदरली परिक्षेत्र में कुल 17.5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और वन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिक्षेत्र शाहपुर के बीट जम्बूपानी स्थित कक्ष क्रमांक 423 में विशेष अतिक्रमण बेदखली अभियान चलाया गया। इस दौरान वन अमले ने करीब 15 हेक्टेयर वन भूमि से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा श्रमिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इसी प्रकार परिक्षेत्र बोदरली के बीट भिंगारा स्थित कक्ष क्रमांक 394 में भी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 2.5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए मौके पर अतिक्रमण रोधी खंती (ट्रेंच) की खुदाई भी कराई गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा और शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह अभियान वन संरक्षक खंडवा श्रीमती बासु कन्नोगिया तथा वन मंडल अधिकारी विद्याभूषण सिंह के निर्देशन में संचालित किया गया। वहीं उप वन मंडल अधिकारी अजय सागर के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
अभियान का नेतृत्व परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर कुमारी श्यामलता मरावी और परिक्षेत्र अधिकारी बोदरली लखनलाल वास्कले ने किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग का कहना है कि वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वन संरक्षण के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान चलाए जाते रहेंगे।
