बांदा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी कविता मीना ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी को हमेशा स्मरण रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए “विकसित भारत @2047” के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया और कहा कि देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, कलेक्ट्रेट प्रभारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
