Five Peacocks Found Dead In Burhanpur Forest Area
बुरहानपुर: Burhanpur जिले के नेपानगर वन क्षेत्र में एक साथ 5 राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद वन विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार नेपानगर उप वनमंडल के नावरा वन परिक्षेत्र की बीट क्रमांक 267 में मृत अवस्था में मोर पाए गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच अभियान शुरू किया गया।
वन विभाग ने तत्काल डॉक्टरों की विशेष टीम को बुलाकर सभी मृत मोरों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीओ की मौजूदगी में राष्ट्रीय पक्षियों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि मोरों की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सैंपल सागर स्थित लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किसी बीमारी, जहरीले पदार्थ या अन्य कारणों से हुई है।
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के इलाकों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
