गाजियाबाद। गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र के पूठरी गांव में एक युवक के घर के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले उस पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और अब उसके घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई।
पीड़ित के अनुसार, उसने 30 अगस्त को कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। उसका आरोप है कि उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को सौंपी गई थी। इसके बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का दावा है कि इसके बाद उसे लगातार फोन और फेसबुक कॉल के जरिए जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। उसने बताया कि 10 सितंबर को भी फेसबुक कॉल के माध्यम से धमकी दी गई, जिसके स्क्रीनशॉट उसके पास मौजूद हैं।
पीड़ित के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा था, तभी दो अज्ञात युवक मुंह पर सफेद कपड़ा ढककर बाइक से पहुंचे। आरोप है कि पीछे बैठे बदमाश ने उसकी ओर दो राउंड फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए वह तुरंत घर के अंदर बने कमरे में भाग गया।
पीड़ित का कहना है कि एक गोली घर के गेट में लगी, जबकि दूसरी गोली दीवार पर जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी उपलब्ध कराने का दावा किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: फायरिंग और पूर्व में लगाए गए आरोप पीड़ित के बयान पर आधारित हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
रिपोर्टर : —
स्थान : गाजियाबाद
