Fire Devastation in Banauli: Four Houses Reduced to Ashes, Heart-Wrenching Scene
पन्ना जिला के पवई विधान सभा अन्तर्गत बनौली गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अचानक भड़की भीषण आग ने चार घरों को अपनी चपेट में लेकर सब कुछ तबाह कर दिया। उस वक्त घरों के सभी सदस्य कुआंताल मेला देखने गए हुए थे, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और देखते ही देखते वर्षों की मेहनत राख में बदल गई।
इस भयावह हादसे में अनीश लोधी (पिता रामसेवक), हुक्लू (पिता सोनेलाल), कल्लू (पिता राजेश) और उत्तम लोधी (पिता किशुनलाल) के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई मदद के लिए दौड़ पड़ा।
ग्रामीणों ने एकजुटता का परिचय देते हुए मोटर चालू कर, डिब्बों और पाइपों के जरिए दूर-दूर से पानी लाकर आग बुझाने की भरपूर कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, साथ ही जेके प्लांट की टीम भी मदद के लिए आई। हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सबसे ज्यादा नुकसान अनीश लोधी के परिवार को हुआ है। उनके घर में रखा करीब 52 कट्टी मटर, 50 क्विंटल चना, लगभग 200 क्विंटल अनाज, सोने-चांदी के गहने, कपड़े और घरेलू सामान पूरा जलकर राख हो गया।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और मायूसी का माहौल है। एक ही रात में चार परिवारों के सपने, उम्मीदें और जीवनभर की कमाई आग की भेंट चढ़ गई।
