फतेहपुर। बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए फतेहपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिश्रित आबादी वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और जुलूस मार्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
फतेहपुर पुलिस ने आमजन से भी आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया है।
