फतेहपुर (उत्तर प्रदेश): फतेहपुर जिले में ससुराल में हुए खूनी हमले के मामले में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। घटना के बाद से लापता चल रहे राजू का शव पुलिस ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुरादीपुर नहर से बरामद कर लिया है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर को औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में एक सिरफिरे दामाद पवन ने कथित तौर पर अपनी ससुराल पहुंचकर तलवार से हमला कर दिया था। इस हमले में परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने हमलावर पवन को पकड़ लिया था। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इसी घटना के बाद से परिवार का सदस्य राजू लापता था। शनिवार को पुलिस ने उसका शव मुरादीपुर नहर से बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना में घायल सभी लोगों का इलाज कानपुर के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि शव मिलने के बाद मामले की जांच नए सिरे से आगे बढ़ाई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
