बहराइच। बहराइच जिले के फखरपुर ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत गुलामुद्दीन जिलानी का स्थानांतरण कर उन्हें जरवल ब्लॉक भेज दिया गया है। इस प्रशासनिक निर्णय के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, फखरपुर ब्लॉक क्षेत्र में कई सामुदायिक शौचालय लंबे समय से बंद पड़े होने तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। स्थानीय स्तर पर एडीओ पंचायत पर लापरवाही और मनमानी के आरोप भी लगाए जा रहे थे।
बताया गया है कि पत्रकार मेराज अहमद ने इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता को शिकायत देकर ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की अनदेखी और अन्य समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। शिकायत में आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की गई थी।
शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद एडीओ पंचायत गुलामुद्दीन जिलानी का स्थानांतरण फखरपुर ब्लॉक से जरवल ब्लॉक कर दिया गया।
हालांकि, प्रशासन की ओर से स्थानांतरण के संबंध में आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि यह कार्रवाई शिकायतों के आधार पर की गई है या नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत।
फिलहाल इस तबादले को लेकर फखरपुर ब्लॉक क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि अब क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।
