इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जसवंतनगर थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर की ओर पीओपी पुट्टी की बोरियां रखी गई थीं, जबकि नीचे हरियाणा ब्रांड की 500 पेटियां अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप को अवैध रूप से पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों हुकमाराम और परमान को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से शराब से भरा ट्रक, 500 पेटियां अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इस मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की सतर्कता के चलते बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी गई है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी ने सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
