एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 27 लाख रुपये कीमत के 155 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पुलिस के अनुसार, CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर सर्विलांस टीम और साइबर सेल ने तकनीकी जांच कर मोबाइल फोनों का पता लगाया। इसके बाद विभिन्न स्थानों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 155 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सभी मोबाइल धारकों को पुलिस लाइन बुलाकर उनके दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने एटा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 1,088 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। आगे भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
